scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशसुरक्षा चूक के बाद दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में किया जाएगा व्यापक फेरबदल

सुरक्षा चूक के बाद दिल्ली विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में किया जाएगा व्यापक फेरबदल

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) एक व्यक्ति द्वारा दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाये जाने के एक दिन बाद, मंगलवार को परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने तथा एकीकृत कमान संरचना और बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए, अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी द्वारों की सुरक्षा करेंगे। मोबाइल गश्ती वाहनों को तैनात करने और ‘हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर’ लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सोमवार दोपहर उस वक्त बड़ी सेंध लग गई, जब एक नकाबपोश व्यक्ति एसयूवी लेकर परिसर की सीमा पर बने द्वार को तोड़कर जबरन अंदर घुस गया और विधानसभा अध्यक्ष की कार में एक गुलदस्ता रखकर निकल गया।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के सरबजीत सिंह को इस घटना के दो घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

गुप्ता ने एक बयान में कहा कि विधानसभा की सुरक्षा में जरा सी भी चूक बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

बयान के अनुसार अध्यक्ष के निर्देश पर तत्काल उठाए जा रहे कदमों में सभी द्वारों पर ‘हाइड्रोलिक रोड ब्लॉकर’ लगाना, प्रवेश नियंत्रण चौकियों को मजबूत करना और परिसर के भीतर अधिक प्रभावी सुरक्षा तंत्र बनाना शामिल हैं।

इस बैठक में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के संयुक्त निदेशक, पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवीन कुमार चौधरी, विधानसभा अधिकारी और कुछ विधायक उपस्थित थे।

विधानसभा परिसर के भीतर हुई ‘सुरक्षा चूक’ का संज्ञान लेते हुए गुप्ता ने कहा कि यह पूरी घटना 5-7 मिनट के भीतर हुई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है।

भाषा

राजकुमार अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments