मुंबई, 23 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने सोमवार को कहा कि उसने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण मुंबई स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (एनएससीआई) का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है। निरीक्षण के दौरान क्लब की मुख्य रसोई में मक्खियां और वॉश बेसिन के आस-पास के क्षेत्र में तिलचट्टे पाए गए थे।
नियामक ने यहां जारी एक बयान में यह भी बताया कि उसने खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने के मामले में मुंबई विश्वविद्यालय की फोर्ट स्थित एक कैंटीन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
एफडीए ने कहा कि उसने एनएससीआई का निरीक्षण किया और परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाया।
बयान में कहा गया, “मुंबई के वर्ली स्थित मेसर्स नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का लाइसेंस और पंजीकरण) विनियम, 2011 की अनुसूची चार के तहत स्वच्छता एवं साफ-सफाई संबंधी प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इस प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस 23 नवंबर से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।”
लाइसेंस निलंबित करने के कारणों का उल्लेख करते हुए एफडीए ने कहा कि मुख्य रसोई में मक्खियां और वॉश बेसिन के आस-पास के क्षेत्र में तिलचट्टे पाए गए। नालियों पर तिलचट्टों से बचाव के लिए जाल भी नहीं लगाए गए थे।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.