scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमदेशपंजाब के तरनतारन में दो 'तीर्थ यात्रा' बसों की टक्कर में पांच लोगों की मौत, 15 से अधिक घायल

पंजाब के तरनतारन में दो ‘तीर्थ यात्रा’ बसों की टक्कर में पांच लोगों की मौत, 15 से अधिक घायल

Text Size:

तरनतारन, 14 नवंबर (भाषा) पंजाब के तरनतारन में नौशेहरा पन्नूआं के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर शनिवार शाम तीर्थयात्रियों से भरी दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में चार श्रद्धालुओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 15 से अधिक घायल हो गए।

दोनों बसें राज्य सरकार की तीर्थयात्रा योजना ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत श्रद्धालुओं को ले जा रही थीं और इनमें 37 लोग सवार थे।

तरनतारन के उपायुक्त निर्मल ओसेपचन ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमृतसर रेफर किए गए छह घायलों में से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों का अमृतसर के गुरु नानक देव मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज जारी है जबकि अन्य घायलों को तरनतारन के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इससे पहले, तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरेंद्र लांबा ने बताया था कि दुर्घटना में जान गंवाने वालों में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा एक व्यक्ति भी शामिल था।

यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक बस का चालक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बस को डिवाइडर के दूसरी ओर ले गया और यह विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बस से टकरा गई।

एक बस फरीदकोट से अमृतसर जा रही थी जबकि दूसरी बस अमृतसर से मुक्तसर की ओर जा रही थी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई यात्री घायल हो गए और कुछ वाहनों के भीतर ही फंस गए।

हादसे के बाद दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त बसों के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

उपायुक्त ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही सिविल और पुलिस प्रशासन, सड़क सुरक्षा बल तथा एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

मुख्यमंत्री मान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें तीर्थयात्रियों की बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने की बेहद दुखद खबर मिली है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे यह जानकर दुख हुआ है कि इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई।’’

मान ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं तथा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को बिना किसी देरी के सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए।

कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी हादसे को हृदयविदारक बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वड़िंग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “वाहेगुरु उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति दें और घायलों को जल्द स्वस्थ करें।”

तीर्थयात्रा योजना के तहत 50 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोग तीर्थयात्रा करने के पात्र हैं। पंजाब सरकार पात्र तीर्थयात्रियों को वातानुकूलित स्लीपर बस यात्रा, आवास और भोजन की सुविधा निःशुल्क प्रदान करती है।

भाषा

प्रचेता सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments