scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशपूर्वी दिल्ली में एक करोड़ रुपये के सामान की चोरी के मामले में पांच लोग गिरफ्तार

पूर्वी दिल्ली में एक करोड़ रुपये के सामान की चोरी के मामले में पांच लोग गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में करीब एक करोड़ रुपये की कीमती वस्तुओं की चोरी के मामले को सुलझा लिया है और कथित तौर पर चोरी का सामान खरीदने वाले एक सुनार सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी शनिवार को पुलिस के एक अधिकारी ने दी।

उन्होंने कहा कि यह मामला इस महीने की शुरुआत में मधु विहार इलाके के आर्य नगर अपार्टमेंट में हुई चोरी से संबंधित है।

अधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल को शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें पीड़ित ने कहा था कि 31 मार्च की शाम को वह घर में ताला लगाकर कहीं गया था, लेकिन अगले दिन लौटने पर, ‘‘ताले टूटे हुए पाए गए और सोने, हीरे तथा चांदी के आभूषणों के साथ-साथ नकदी भी गायब थी।’’

उन्होंने कहा कि चोरी की गई वस्तुओं का कुल मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये आंका गया था, जिसमें लगभग 12 लाख रुपये की नकदी शामिल थी।

अधिकारी ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शुरू की गई जांच के तहत पुलिस ने करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी, जो उनकी पहचान करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने आठ अप्रैल को छापा मारा और बबलू उर्फ ​​कलुआ व रामपाल उर्फ ​​रामकुमार नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने सहयोगी विशाल उर्फ ​​विक्कू की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसे बाद में 10 अप्रैल को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ में पिंकी (सहयोगी) और रवि सोनी (सुनार, जिसने कथित तौर पर चोरी के गहने प्राप्त किए थे) की पहचान हुई और बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चोरी की गई वस्तुओं का एक बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है, जिसमें लगभग 70 प्रतिशत सोने और हीरे के आभूषण, 80 प्रतिशत चांदी के आभूषण और आठ लाख रुपये की नकदी शामिल है।

पुलिस ने कहा कि जांच अभी जारी है।

भाषा

शुभम अविनाश नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments