भोपाल, दो नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को एक घर के भीतर एक ही परिवार की दो महिलाओं और दो बच्चों के शव बरामद किए गए तथा कुछ ही देर बाद रेलवे ट्रैक के पास परिवार का मुखिया भी मृत मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक यहां छोला थानाक्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके में इन महिलाओं एवं बच्चों के शव बरामद हुए हैं एवं उनके गले कटे हुए थे।
अधिकारियों के अनुसार परिवार का मुखिया सूखी सेवनिया थानाक्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मृत मिला।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि परिवार के मुखिया ने पत्नी, मां और दो बच्चों की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि घर में उसकी मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव बरामद हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त (जोन-4) आदर्श कांत शुक्ला ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि साहू परिवार के संबंधियों ने सूचना दी थी कि घर का दरवाजा नहीं खुल रहा था, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
उन्होंने बताया कि घर में दो बच्चों और दो महिलाओं के शव बरामद हुए तथा ऐसा लगता है कि सभी का गला काटा गया है।
उन्होंने कहा कि इसी बीच जानकारी आई कि सूखी सेवनिया में रेलवे की पटरियों पर एक शव मिला है, जो नरेन्द्र साहू का था।
पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जांच अभी आरंभिक चरण में है और सबूतों के बिना कोई पक्का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि घटनाओं के क्रम और रिश्तेदारों के साथ हुई बातचीत के आधार पर इस बात की प्रबल संभावना है कि नरेन्द्र ने चार लोगों की हत्या कर दी और फिर खुद अपनी जान दे दी।
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शुक्ला ने कहा कि फिलहाल हत्या और खुदकुशी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
हालांकि पड़ोसियों ने आशंका जताई है कि नरेंद्र साहू कर्ज से परेशान था और एक साल पहले ही खेजड़ी इलाके में उसने अपना मकान बेचा था एवं किराये के मकान में रहता था।
भाषा ब्रजेन्द्र
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.