कोटद्वार, दो नवंबर (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के कार्यालय से 35.41 किलोग्राम वजन के पांच हाथी दांत गायब होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है जिसके बाद उसकी विभागीय जांच के साथ ही पुलिस में भी प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है । अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी ।
सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग के कार्यालय से हाथी दांत गायब होने के बाद प्रश्न उठ रहा है कि आखिर ये दांत गायब कब हुए?
कहा जा रहा है कि कुछ दिन पहले कार्यालय का स्टोर दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया था और उसी दौरान वे गायब हुए होंगे लेकिन यह बात किसी के गले नहीं उतर रही है ।
मामले की जांच के लिए हरिद्वार के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) की अध्यक्षता में विभागीय जांच समिति गठित की गई है। जिले के यमकेश्वर थाने में शून्य प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है जिसे कोटद्वार थाने को स्थानांतरित किया जा रहा है।
मामले का खुलासा केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के निर्देश पर राज्य के तमाम रेंज कार्यालयों में की जा रही जब्त अथवा बरामद किए गए हाथी दांतों की पड़ताल के दौरान हुआ । रेंज कार्यालय में कुछ दिन पूर्व स्टोर कहीं और स्थानांतरित किया गया जिसके बाद 18 अक्टूबर को हाथी दांतों की गणना की गयी और उस दौरान पांच दांत गायब मिले ।
सूत्रों के अनुसार, गायब हुए दांतों के संबंध में आसपास के उन ग्रामीणों से भी पूछताछ की गई जिन्हें स्टोर स्थानांतरण के कार्य में लगाया गया था लेकिन किसी से कोई जानकारी नहीं मिली ।
पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि उनके आदेश पर सोमवार को कोटद्वार के ‘स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और अपराध खुफिया इकाई (सीआईयू) के दलों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया ।
सूत्रों के अनुसार, हाथी दांत गायब होने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई और हरिद्वार के डीएफओ की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गयी ।
उधर, लैंसडाउन वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी ने इस प्रकरण में तीन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी तलब किया है ।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.