scorecardresearch
Sunday, 28 June, 2026
होमदेशलखनऊ में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कोई हताहत नहीं

लखनऊ में कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Text Size:

लखनऊ, 28 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में रविवार सुबह एक कोल्ड स्टोरेज इकाई में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीन मौके पर पहुंच गईं।

लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर बने इस कोल्ड स्टोरेज में स्थानीय पुलिस की मदद से दमकलकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया। कोल्ड स्टोरेज के टिन शेड के ऊपर से आग की लपटें उठती काफी दूर से ही दिख रही थीं। धुएं के गुबार भी नजर आ रहे थे।

चिनहट थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है और न ही कोई घायल है। अग्निशमन दल की टीमें मौके पर हैं और स्थानीय पुलिस उनकी मदद कर रही है।’

पुलिस के मुताबिक, हाइड्रोलिक उपकरणों की मदद से आग बुझाई गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि परिसर के अंदर कोई फंसा न हो।

आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। चिनहट पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह घटना अलीगंज में एक रिहायशी इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के एक हफ्ते के भीतर हुई है।

भाषा आनन्द रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments