लखनऊ, 26 अक्टूबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा गठबंधन के तहत कथित तौर पर 200 सीटें मांगने संबंधी पोस्टर लगाए जाने पर सवाल उठाते हुए सोमवार को कहा कि इस तरह के प्रचार से ‘पीडीए’ और मजबूत होगा।
सपा प्रमुख ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर कांग्रेस द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में 403 में से 200 सीटें मांगने संबंधी पोस्टर लगाए जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर यह प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, “यह आपत्तिजनक पोस्टर पहली बार नहीं लगे हैं। आखिर इन्हें लगा कौन रहा है और इन पर पैसे कौन खर्च कर रहा है? आखिर यह गोरखधंधा कौन चला रहा है?”
अखिलेश ने कहा, “जितना ये पोस्टर लगाकर गलत प्रचार करेंगे और अपमान करेंगे, उतना ही पीडीए और मजबूत होगा।”
पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाजवादी पार्टी का एक प्रमुख नारा है।
लखनऊ में लगे एक होर्डिंग पर लिखा था, ‘200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा।’ इस होर्डिंग पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं की तस्वीरें भी लगी थीं।
कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए विभिन्न सवालों पर सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी और उसके नेता दूसरे राजनीतिक दलों को साथ लेकर चलना जानते हैं और उन्हें गठबंधन का अनुभव भी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “समाजवादी पार्टी और हमारे जितने भी नेता यहां बैठे हैं, हम सब जोड़ना जानते हैं और हम सभी को गठबंधन का अनुभव है।”
अखिलेश ने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराना और उसे हमेशा के लिए उत्तर प्रदेश से हटाना है।
उन्होंने गठबंधन को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल इसे और मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
भाषा
सलीम रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.