scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशआबकारी मामला: राजनीतिक दबाव में 'झूठे मामले' दर्ज कर रही है ईडी: संजय सिंह

आबकारी मामला: राजनीतिक दबाव में ‘झूठे मामले’ दर्ज कर रही है ईडी: संजय सिंह

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कुछ लोगों पर दबाब डालकर उनसे ‘‘झूठे बयान’’ हासिल किए हैं और वह इस मुद्दे को संसद की विशेषाधिकार समिति के पास लेकर जायेंगे।

सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ईडी के अधिकारियों ने पूछताछ के दौरान झूठा बयान हासिल करने के लिए चंदन रेड्डी नामक व्यक्ति को इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसे सुनने में परेशानी हो रही है।

‘आप’ सांसद ने दावा किया, ‘‘चंदन ने ईडी के खिलाफ शिकायत करते हुए (तेलंगाना) उच्च न्यायालय का रुख किया है।’’

उन्होंने याचिकाकर्ता के चिकित्सा प्रमाण पत्र की कथित प्रतियां भी दिखायीं और कहा कि वह दस्तावेजों के साथ मामले को संसद की विशेषाधिकार समिति के समक्ष उठाएंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इन दस्तावेजों से यह प्रमाणित हो गया है कि राजनीतिक दबाब में ईडी झूठे मामले बनाती है, सरकारों को बदनाम करती है तथा झूठे आरोप लगाती है….कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है।’’

सिंह ने दावा किया कि कथित शराब घोटाले के आरोपी समीर महेंद्रू, अरुण पिल्लै एवं तीन अन्य ने भी ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की है और उनके खिलाफ दबाव बनाकर बयान लेने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अब दस्तावेजों के साथ विशेषाधिकार समिति के समक्ष इस मुद्दे को उठाऊंगा ताकि ईडी के अधिकारियों को बुलाया जाए और उनके खिलाफ दर्ज शिकायतों के बारे में सच्चाई का पता लगाया जा सके।’’

सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जो ईडी के अधिकारी नहीं हैं, वे एजेंसी की जांच प्रक्रिया का हिस्सा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह ईडी तानाशाही का प्रवर्तक बन गई है। यहां तक कि चंदन रेड्डी की पूछताछ के दौरान ऐसे लोग भी मौजूद थे जो ईडी के अधिकारी नहीं थे। जांच के दौरान ईडी के साथ मौजूद ये ‘गुंडे’ कौन थे। अरुण पिल्लई, समीर महेंद्रू, भूसर बेलगावी, मानस्वामी प्रभु और राघव रेड्डी ने ईडी पर पूछताछ के दौरान उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।’’

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के निजी सचिव रिंकू को भी ईडी ने पूछताछ के लिये बुलाया है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर कहा, ‘‘ईडी के खिलाफ संजय सिंह ने जो आरोप लगाये हैं, वे बहुत गंभीर हैं।’’

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने इन आरोपों को खारिज करते हुये कहा है कि ‘आप’ नेताओं मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की जमानत अर्जी बार-बार खारिज होने से पार्टी ‘‘पूरी तरह हताश’’ हो चुकी है।

दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने दावा किया, ‘‘सिंह सहित ‘आप’ नेता इस बात से डरे हुए हैं कि शराब घोटाले के मामले में सबूत बन रहे हैं और जल्द ही कानून खुद अरविंद केजरीवाल को पकड़ सकता है।’’

कपूर ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी के नेताओं ने हमेशा से लोगों में यह धारणा बनाने की कोशिश की है कि मनीष सिसोदिया निर्दोष हैं, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे हैं।’’

भाषा रंजन देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments