scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशठाणे, हिंगोली, पुणे और बीड अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले

ठाणे, हिंगोली, पुणे और बीड अदालत परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले

Text Size:

ठाणे/हिंगोली/पुणे, दो नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे, ठाणे, हिंगोली और बीड की जिला एवं सत्र अदालतों को सोमवार को परिसर में बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि ठाणे, हिंगोली और बीड के अदालत परिसरों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, जबकि पुणे के शिवाजीनगर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में तलाश अभियान चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, ठाणे शहर में अदालत की इमारत को दोपहर में खाली करा लिया गया, क्योंकि कार्यालय को एक संदेश मिला था कि वहां दोपहर साढ़े तीन बजे बम विस्फोट होगा।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ठाणे नगर पुलिस थाने के कर्मियों ने पूरे अदालत परिसर को खाली करा लिया। न्यायाधीशों, वकीलों और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद श्वान दस्ते और बम निरोधक एवं पहचान दस्ते (बीडीडीएस) के कर्मियों ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली।’’

उन्होंने बताया कि परिसर की तलाश अभी जारी है। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुणे में शिवाजीनगर अदालत परिसर को खाली करा लिया गया, क्योंकि अदालत प्रशासन को परिसर बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘अदालत प्रशासन को एक ईमेल के जरिये बम की धमकी मिली, जिसमें कहा गया था कि अदालत की इमारत में बम रखा गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ई-मेल मिलने के बाद अदालत परिसर को खाली करा लिया गया है, बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) को बुला लिया गया है और संभावित संदिग्ध वस्तु की तलाश की जा रही है।’’

मराठवाड़ा के हिंगोली में सुबह अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिला।

अदालत के अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद बम पहचान एवं निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) के साथ पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू की।

एक अधिकारी ने बताया कि यह ईमेल फर्जी हो सकता है। उन्होंने कहा कि हिंगोली की साइबर अपराध इकाई ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि ईमेल किसने भेजा।

बीड के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि बीड में भी पूर्वाह्न 11:52 बजे एक ऐसा ही ईमेल मिला, जिसमें अपराह्न 3:11 बजे बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। उन्होंने बताया कि ईमेल के मद्देनजर अदालत परिसर को खाली करा लिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक शेख समीर ने बताया, ‘‘पुलिस, बीडीएस और एलसीबी के जवानों का एक दस्ता, श्वान दस्ते के साथ अदालत परिसर पहुंचा। टीम पूरे परिसर की तलाशी ले रही है।’’

उन्होंने कहा कि साइबर टीम ‘आईपी’ (इंटरनेट प्रोटोकॉल) पते का पता लगा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह कोई फर्जी धमकी का मामला है या किसी बिना पूर्वाभ्यास का हिस्सा।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments