(फाइल फोटो के साथ)
इंदौर (मप्र), दो नवंबर (भाषा) पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में 15 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शहर के तीन निजी विद्यालयों और महापौर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं लेकिन शुरुआती जांच के बाद पुलिस को ये संदेश पहली नजर में फर्जी प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के तीन निजी विद्यालयों को पंजाबी भाषा में भेजे गए ई-मेल में प्रबंधन को बम विस्फोट की धमकी देते हुए कहा गया है कि वे इस कार्यक्रम में अपने विद्यार्थियों को न भेजें।
उन्होंने बताया कि तीनों विद्यालयों में बम निरोधक दस्ते से जांच कराई गई है, लेकिन वहां कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।
दंडोतिया ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी दोसांझ के आगामी कार्यक्रम को लेकर इस तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला है और उसकी जांच की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मुताबिक 42 वर्षीय पंजाबी गायक के कार्यक्रम को लेकर भेजे गए धमकी भरे ई-मेल पहली नजर में फर्जी प्रतीत हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की अपराध निरोधक शाखा ई-मेल भेजने वाले लोगों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और जांच के बाद उचित वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
दंडोतिया ने स्पष्ट किया कि दोसांझ के 15 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की अनुमति के लिए आयोजकों की ओर से स्थानीय पुलिस के पास अब तक कोई आवेदन नहीं आया है और न ही किसी व्यक्ति ने इस संबंध में पुलिस से संपर्क किया है।
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.