scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशनिर्वाचन आयोग का लक्ष्य बंगाल में हिंसा और भय मुक्त चुनाव सुनिश्चित करना है: सीईसी ज्ञानेश कुमार

निर्वाचन आयोग का लक्ष्य बंगाल में हिंसा और भय मुक्त चुनाव सुनिश्चित करना है: सीईसी ज्ञानेश कुमार

Text Size:

कोलकाता, 10 मार्च (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को कहा कि निर्वाचन आयोग का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पश्चिम बंगाल के सभी मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में हिंसा और भय मुक्त वातावरण में भाग लें।

राज्य में चुनाव तैयारियों पर दो दिन कई समीक्षा बैठकों के बाद कोलकाता में संवाददाता सम्मेलन में कुमार ने कहा कि आयोग ने राज्य में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारियों को बिना किसी डर या पक्षपात के कानून के शासन को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।

कुमार ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं। राज्य में मतदान प्रतिशत बहुत अधिक रहा है। मतदाता और आम जनता संविधान का सम्मान करते हैं और शांतिपूर्ण एवं भागीदारी वाले चुनाव में विश्वास रखते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आयोग राज्य के सभी मतदाताओं से अपील करता है कि वे यह सुनिश्चित करें कि मतदान हिंसा और भय से मुक्त वातावरण में हो।’’

कुमार ने निर्वाचन आयोग का नारा ‘चुनाव पोरबो, पश्चिमबांगेर गोरबो’ (चुनाव पर्व पश्चिम बंगाल का गर्व है) दिया।

मतदाताओं की सूची को लेकर जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का अभ्यास लगभग पूरा होने वाला है। इस बारे में कुमार ने कहा कि निष्पक्ष मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है।

कुमार ने कहा, ‘‘इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी वास्तविक मतदाताओं को अपना वोट देने का अधिकार मिले और कोई भी अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो।’’

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जोर देकर कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों को ‘‘पूरी निष्पक्षता’’ के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है और उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि नकदी, शराब, नशीले पदार्थ और प्रतिबंधित पदार्थ बंगाल की सीमाओं से बाहर रहें।

भाषा

सुरभि नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments