गुरुग्राम, दो नवंबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मध्यप्रदेश से हथियारों की आपूर्ति करने आए दो लोगों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध पिस्तौल और 16 मैगजीन बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिछले करीब चार साल से अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल थे और प्रत्येक हथियार की आपूर्ति पर उन्हें 7,000 रुपये कमीशन के तौर पर मिलते थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी अवैध हथियार लेकर बस से गुरुग्राम पहुंचे थे और उनका इरादा इन हथियारों की आपूर्ति दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में करने की थी, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इस अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश 29 अक्टूबर को सेक्टर-112 के बजघेड़ा इलाके से दीपक और राहुल की गिरफ्तारी के बाद हुआ।
पुलिस ने उनके कब्जे से पांच अवैध पिस्तौल, 11 मैगजीन और एक कार बरामद की थी।
इसके बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान हथियारों के स्रोत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस मध्यप्रदेश के खरगौन जिले तक पहुंची।
इस जानकारी के आधार पर सेक्टर-40 अपराध शाखा की एक टीम ने रविवार को सोहना-गुरुग्राम रोड पर जीडी गोयनका विश्वविद्यालय के पास से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से आठ अन्य पिस्तौल तथा 16 मैगजीन बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश निवासी दुर्गेश और नरेंद्र के रूप में हुई है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.