scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेश‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ को छठ से पहले शुरू करने की कोशिश: रेखा गुप्ता

‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ को छठ से पहले शुरू करने की कोशिश: रेखा गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ सेवा की शुरुआत छठ त्योहार से पहले की जाएगी और सरकार का लक्ष्य इसे लोगों के लिए ‘पिकनिक’ स्थल के रूप में विकसित करने का है।

गुप्ता ने कहा, ‘‘हमारी कोशिश है कि छठ महापर्व से पहले यह सेवा शुरू हो जाए। दिल्ली के लोग अपने परिवार के साथ मां यमुना के दर्शन कर सकें, क्रूज में बैठकर सैर का आनंद लें और उन्हें राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नई जगह मिले। इससे दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कारोबार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ के प्रायोगिक परीक्षण शुरू हो गए हैं और आज सोनिया विहार से जगतपुर तक छह किलोमीटर लंबे मार्ग का निरीक्षण किया गया और तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि इस परियोजना से यमुना नदी के पुनरुद्धार प्रयासों को गति मिलने के साथ-साथ दिल्ली में पर्यटन और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से इसके बारे में विस्तृत जानकारी ली।

सीएमओ के मुताबिक, परियोजना के तहत फेरी सेवा शुरू होने से लोगों को दिल्ली में पर्यटन के लिए एक नया आकर्षण मिलने की उम्मीद है। इससे यमुना नदी के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

सीएमओ के मुताबिक, परियोजना से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है।

एक अधिकारी ने कहा कि क्रूज सोनिया विहार और जगतपुर के बीच लगभग चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय करेगा और इस पर करीब 40 मिनट की यात्रा की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि क्रूज पर एक बार में अधिकतम 30 यात्री बैठेंगे और टिकट दिल्ली पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे।

इस परियोजना का उद्देश्य वजीराबाद बैराज के पास नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना है।

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और दिल्ली सरकार की एजेंसियों ने क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मार्च 2025 में एक समझौता किया था।

भाषा नोमान नोमान संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments