चेन्नई, एक मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रयासों का फल चार मई को मिलेगा।
तेइस अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के लिए मतों की गिनती चार मई को होगी।
स्टालिन ने यहां मई दिवस (अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस) कार्यक्रम में कहा, ‘हम अपने पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का फल आने वाले चौथे दिन (चार मई को मतगणना के दिन) प्राप्त करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इसमें बिल्कुल कोई बदलाव नहीं है और न ही इसमें जरा सा भी विचलन हुआ है।’
उन्होंने कहा, ‘किसी को भी यह मान लेने की जरूरत नहीं है कि मैं केवल एग्जिट पोल के आधार पर बोल रहा हूं।’
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख स्टालिन ने कहा कि चुनाव परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए ‘अच्छी खबर’ आएगी।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.