scorecardresearch
Wednesday, 4 November, 2026
होमदेशगुरुग्राम स्थित शराब विक्रेता के खिलाफ धनशोधन मामले में ईडी के छापे

गुरुग्राम स्थित शराब विक्रेता के खिलाफ धनशोधन मामले में ईडी के छापे

Text Size:

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) गुरुग्राम स्थित एक दुकान में विदेशी शराब की बिक्री में अनियमितता से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दो दिन तक चली छापेमारी की कार्रवाई बुधवार को पूरी हो गई।

केंद्रीय एजेंसी ने एक बयान में बताया कि इस मामले में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में 10 ठिकानों पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई अंकुश गोयल के स्वामित्व वाली ‘द ठेका’ नामक शराब की दुकान के खिलाफ की गई।

एजेंसी ने बताया कि जांच एक शराब सिंडिकेट द्वारा बिना होलोग्राम और ‘ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप्स’ के बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खरीद और भंडारण करने तथा उसे उक्त लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकान के जरिए अवैध रूप से बेचने से संबंधित है।

ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत यह मामला हरियाणा पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी और दाखिल आरोपपत्र के आधार पर दर्ज किया है। इसमें विदेशी शराब की अवैध बिक्री और लागू सीमा शुल्क तथा राज्य उत्पाद शुल्क से बचकर आयातित विदेशी शराब (आईएफएल) के बॉन्ड हस्तांतरण के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस ने आबकारी विभाग की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की थी। विभाग ने नौ दिसंबर, 2025 को ‘द ठेका’ से बिना होलोग्राम और ‘ट्रैक एंड ट्रेस स्ट्रिप्स’ वाली आयातित विदेशी शराब (आईएफएल) की 3,921 पेटियां और 176 खुली बोतलें जब्त की थीं।

एजेंसी ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान ने इस आयातित विदेशी शराब को वैध स्टॉक बताकर अवैध रूप से बेचा। इस तरह उसने इन अवैध बिक्री पर 20-25 प्रतिशत का मुनाफा कमाया और 10 करोड़ रुपये से अधिक की अपराध से अर्जित आय जुटाई।

मंगलवार को शुरू हुई दो दिवसीय छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने 11 लाख रुपये नकद और दस्तावेज जब्त किए।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments