नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) जोमैटो और ब्लिंकिट की मूल कंपनी इटर्नल के संस्थापक दीपिंदर गोयल ने बुधवार को कहा कि कंपनी 2026 के अंत तक निजता पर केंद्रित कृत्रिम मेधा (एआई) सहायक ‘डार्क डॉट एआई’ पेश करने की योजना बना रही है।
इटर्नल के जुलाई-सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने के बाद गोयल ने शेयरधारकों को लिखे पत्र में यह जानकारी दी।
गोयल ने पत्र में कहा, ”डार्क उन उपयोगकर्ताओं के लिए है जिन्हें उन्नत सुविधाओं की जरूरत है। इनमें संस्थापकों, शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, कंपनियों और सरकारों के लोग शामिल हैं, जो अपने विचारों को निजी रखना चाहते हैं, क्योंकि प्रतिस्पर्धा के लिए निजता आवश्यक है।”
उन्होंने कहा कि निजता के अलावा कंपनी ने अपने एआई मॉडल को बेहतर जवाब देने के लिए प्रशिक्षित किया है।
उनके मुताबिक, कंपनी के मॉडल उपयोगकर्ता को खुश करने के बजाय सच बताने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। इसके मानकों से जुड़े परिणाम जल्द जारी किए जाएंगे।
गोयल ने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि ‘डार्क’ को 2026 के भीतर वैश्विक स्तर पर पेश कर दिया जाएगा।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.