scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतविप्रो हाइड्रोलिक्स इटली की इंडेको इंड एसपीए में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदेगी

विप्रो हाइड्रोलिक्स इटली की इंडेको इंड एसपीए में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदेगी

Text Size:

(शीर्षक, इंट्रो और छठे पैरा में बदलाव के साथ)

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) विप्रो इन्फ्रास्ट्रक्चर इंजीनियरिंग की इकाई विप्रो हाइड्रोलिक्स ने इटली स्थित इंडेको इंड एसपीए में बहुलांश हिस्सेदारी अधिग्रहीत करने के लिए एक पक्के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

इस अधिग्रहण से विप्रो को हाइड्रोलिक सिलेंडर के अलावा अपने खंड का विस्तार कर ‘हाइड्रोलिक अटैचमेंट’ बाजार में प्रवेश करने में मदद मिलेगी।

‘हाइड्रोलिक अटैचमेंट’ बाजार से तात्पर्य भारी मशीनों (जैसे जेसीबी, क्रेन, या ट्रैक्टर) के लिए अलग से जोड़े जाने वाले उपकरणों के बाजार से है।

इंडेको हाइड्रोलिक हैमर, मल्चिंग हेड, शीयर और अन्य उपकरण बनाती है। कंपनी इटली में सात और अमेरिका में एक विनिर्माण इकाई का परिचालन करती है।

विप्रो हाइड्रोलिक्स के अध्यक्ष सीताराम गणेशन ने कहा, ‘‘ यह अधिग्रहण हमारे मौजूदा हाइड्रोलिक सिलेंडर खंड में ‘अटैचमेंट’ जोड़ता है, जिससे हमारे ग्राहकों के लिए पेशकश का दायरा बढ़ेगा। विस्तारित विनिर्माण एवं वितरण नेटवर्क तथा प्रतिभा के साथ हमारा मूल्य प्रस्ताव और मजबूत होगा। विप्रो हाइड्रोलिक्स और इंडेको दोनों के पास 50 वर्ष की विरासत है जो नवाचार, गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं ग्राहक सेवा पर आधारित मजबूत उत्पाद स्थिति को दर्शाती है।’’

इस बहुलांश हिस्सेदारी के अधिग्रहण के बावजूद संस्थापक विटुलानो परिवार, इंडेको के संचालन में शामिल रहेगा।

इंडेको की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुसैना वितुलानो ने कहा कि विप्रो कंपनी के अगले विकास चरण के लिए ‘‘सही साझेदार’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इंडेको उन्नत अनुसंधान एवं विकास क्षमताओं और व्यापक वैश्विक नेटवर्क का लाभ उठाकर अपने संगठन तथा उत्पादों को और विकसित करेगी।”

विप्रो हाइड्रोलिक्स मुख्य रूप से भारी मशीनों (जैसे बुलडोजर व ट्रैक्टर) के लिए हाइड्रोलिक सिलेंडर और संबंधित कलपुर्जों को डिजाइन और उनका विनिर्माण करती है।

भाषा निहारिका अजय

अजय

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments