नई दिल्ली: पिछले गुरुवार को फिक्की (FICCI) की सालाना आम बैठक (AGM) को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योग जगत के नेताओं से एक सीधा सवाल पूछा: “क्या आपने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती के बावजूद अपने कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाई?”
इस सवाल के जरिए उन्होंने निजी क्षेत्र में वेतन वृद्धि में आ रही ठहराव की समस्या पर सीधे ध्यान दिलाया. आंकड़े भी उनकी चिंता की पुष्टि करते हैं.
भारतीय उद्योगों के सालाना सर्वे (Annual Survey of Industries) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में एक फैक्ट्री कर्मचारी की औसत कमाई करीब 2.28 लाख रुपये थी. यह पिछले साल के मुकाबले 5.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी थी.
हालांकि, इसी दौरान उपभोक्ता कीमतों में सालाना आधार पर 4.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. ऐसे में महंगाई को ध्यान में रखने के बाद वास्तविक वेतन में सिर्फ 0.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तविक वेतन वृद्धि 0.1 प्रतिशत थी, जबकि 2022-23 में वास्तविक वेतन में गिरावट आई थी.
महामारी के कारण आई आर्थिक गिरावट के बाद हुई रिकवरी को छोड़ दें, तो पिछले छह साल में से पांच साल वास्तविक वेतन वृद्धि एक प्रतिशत से भी कम रही है.

वेतन वृद्धि में ठहराव को लेकर राजनीतिक चर्चा मुख्य रूप से पिछले दो-तीन साल के घटनाक्रम पर केंद्रित रही है. लेकिन यही सर्वे 1981-82 से भारत के विनिर्माण क्षेत्र पर नजर रख रहा है. चार दशकों के आंकड़ों का विश्लेषण करने से पता चलता है कि वेतन वृद्धि में ठहराव सिर्फ महामारी का नतीजा या कुछ समय के लिए आई असामान्य स्थिति नहीं है. बल्कि यह भारतीय विनिर्माण क्षेत्र में मिलने वाले आर्थिक लाभ के बंटवारे में लंबे समय से धीरे-धीरे हो रहे बदलाव का नया चरण है.
इस अंतर को एक आसान तुलना से समझा जा सकता है. कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाला मजदूर और तेल रिफाइनरी में काम करने वाला कर्मचारी.
चार दशकों में घटता गया मजदूरों का हिस्सा
भारतीय अर्थव्यवस्था में तेल रिफाइनरी में काम करने वाला एक कर्मचारी सालाना करीब 43.6 लाख रुपये का आर्थिक मूल्य पैदा करता है. इसके मुकाबले, तिरुपुर या नोएडा की फैक्ट्रियों में काम करने वाला एक कपड़ा मजदूर करीब पांच लाख रुपये का मूल्य पैदा करता है.
रिफाइनरी का कर्मचारी करीब नौ गुना ज्यादा आर्थिक मूल्य पैदा करता है, लेकिन उसे मिलने वाला वेतन कपड़ा मजदूर के मुकाबले सिर्फ ढाई गुना ज्यादा है. कपड़ा मजदूर की सालाना कमाई 1.76 लाख रुपये है, जबकि रिफाइनरी कर्मचारी की कमाई 4.25 लाख रुपये है.
हर विनिर्माण इकाई कुछ आर्थिक मूल्य पैदा करती है. इसकी गणना उसकी बिक्री से होने वाली कमाई में से कच्चे माल, ईंधन और मशीनों की कीमत में होने वाली कमी का खर्च घटाकर की जाती है. अर्थशास्त्री इसे शुद्ध मूल्य वर्धन (Net Value Added) कहते हैं. इस मूल्य को मजदूरों और पूंजी के बीच कैसे बांटा जाता है, यह लंबे समय से अर्थशास्त्र के अध्ययन का एक अहम विषय रहा है.
1980 के दशक की शुरुआत में भारत में फैक्ट्री कर्मचारियों की सैलरी इस मूल्य का करीब 30 प्रतिशत होती थी. 1991 के आर्थिक सुधारों के बाद यह हिस्सा लगातार घटने लगा और वित्त वर्ष 2007-08 में गिरकर 10.6 प्रतिशत पर पहुंच गया.
इसके बाद अगले एक दशक में इसमें धीरे-धीरे सुधार हुआ और वित्त वर्ष 2019-20 में यह बढ़कर 18.9 प्रतिशत हो गया. लेकिन महामारी के बाद इसमें फिर गिरावट आई. 2024-25 में यह हिस्सा 16.5 प्रतिशत रह गया.
वहीं, इन चार दशकों में मुनाफे में जाने वाला शुद्ध मूल्य वर्धन का हिस्सा करीब 23 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 50 प्रतिशत हो गया. यह गणना उद्योगों के सालाना सर्वे के आंकड़ों पर आधारित है.

इस बदलाव की एक वजह आधुनिक तकनीक का बढ़ता इस्तेमाल भी है. 1981 के मुकाबले भारतीय फैक्ट्रियां अब मशीनों और पूंजी पर ज्यादा निर्भर हो गई हैं. अब मुनाफे में मशीनों का हिस्सा पहले से ज्यादा है. यह रुझान फैक्ट्रियों में काम करने के तरीके में आए बदलाव को भी दिखाता है.
वित्त वर्ष 2019-20 में भारत के 38 प्रतिशत फैक्ट्री कर्मचारी सीधे कंपनियों के लिए काम करने के बजाय ठेकेदारों के जरिए काम पर रखे गए थे. वित्त वर्ष 2024-25 तक यह आंकड़ा बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया.
ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को आमतौर पर कम वेतन मिलता है, उन्हें कम सुविधाएं मिलती हैं और अपनी मांगों के लिए बातचीत करने की उनकी ताकत भी सीमित होती है. इससे यह समझने में मदद मिलती है कि वित्त वर्ष 2021-22 से 2024-25 के बीच फैक्ट्रियों ने अपने कर्मचारियों की संख्या में करीब 30 लाख की बढ़ोतरी कैसे की, जबकि हर कर्मचारी के वेतन में खास बढ़ोतरी नहीं हुई.
उत्पादकता बढ़ने का फायदा वेतन तक क्यों नहीं पहुंचता?
रिफाइनरी और कपड़ा फैक्ट्री के उदाहरण पर लौटें, तो अर्थशास्त्र का सामान्य सिद्धांत कहता है कि किसी कर्मचारी को मिलने वाला वेतन उसके काम से पैदा होने वाले उत्पादन के मूल्य के लगभग बराबर होना चाहिए. इसलिए जिन उद्योगों में कर्मचारियों की उत्पादकता ज्यादा होती है, वहां वेतन भी ज्यादा होना चाहिए.
लेकिन भारतीय फैक्ट्रियां इस सिद्धांत का पूरी तरह पालन नहीं करतीं. अलग-अलग उद्योगों में एक कर्मचारी की ओर से पैदा किए जाने वाले मूल्य की राशि करीब पांच लाख रुपये से लेकर 40 लाख रुपये से ज्यादा तक है. इसके बावजूद सालाना वेतन का दायरा करीब 1.8 लाख रुपये से 4.3 लाख रुपये के बीच ही रहता है.
खास बात यह है कि सबसे ज्यादा लोगों को रोजगार देने वाले उद्योगों, जैसे खाद्य प्रसंस्करण, कपड़ा और परिधान उद्योग में वेतन राष्ट्रीय औसत से कम है.

उत्पादकता बढ़ने के बावजूद वेतन में उसी हिसाब से बढ़ोतरी क्यों नहीं होती?
बाद में अर्थशास्त्र के नोबेल मेमोरियल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले आर्थर लुईस ने 1954 में इसका एक स्पष्ट जवाब दिया था. अपने चर्चित शोधपत्र ‘असीमित श्रम उपलब्धता के साथ आर्थिक विकास’ में लुईस ने बताया था कि जिन देशों की बड़ी आबादी कम उत्पादकता वाले कृषि कार्यों में लगी होती है, वहां आधुनिक उद्योगों में मजदूरी का स्तर फैक्ट्री कर्मचारी के उत्पादन से तय नहीं होता.
इसके बजाय, मजदूरी का आधार वह कमाई होती है जो कोई व्यक्ति खेती से कर सकता है. इसके ऊपर थोड़ा अतिरिक्त पैसा दिया जाता है, ताकि वह खेती छोड़कर उद्योगों में काम करने के लिए तैयार हो.
जब तक ऐसे मजदूरों की बड़ी संख्या उपलब्ध रहती है, फैक्ट्रियां लगभग उसी वेतन पर लगातार कर्मचारियों को काम पर रख सकती हैं. ऐसे में उत्पादकता बढ़ने से मिलने वाला फायदा मुख्य रूप से पूंजी के मालिकों को मिलता है.
वेतन में बड़ी बढ़ोतरी तभी शुरू होती है, जब मजदूरों का यह अतिरिक्त भंडार खत्म होने लगता है. अर्थशास्त्री अब इस स्थिति को ‘लुईस टर्निंग पॉइंट’ कहते हैं.
भारत इस मॉडल का उदाहरण है, क्योंकि यहां अब भी करीब आधे कामगार कृषि क्षेत्र में लगे हुए हैं. इससे समझा जा सकता है कि उत्पादकता में बड़े अंतर के बावजूद तेल रिफाइनरी और कपड़ा उद्योग में वेतन लगभग एक जैसा क्यों है. दोनों ही क्षेत्र ऐसे लोगों के बड़े समूह से कर्मचारियों की भर्ती करते हैं, जिनके पास खेती या दिहाड़ी मजदूरी के अलावा रोजगार के सीमित विकल्प हैं.
न्यूनतम वेतन और तरक्की के अवसर बढ़ाना
लुईस का मॉडल आर्थिक तरक्की का रास्ता भी बताता है. इसकी पहली रणनीति यह है कि कम उत्पादकता वाले कृषि क्षेत्र से मजदूरों को तेजी से विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में लाया जाए. ये क्षेत्र बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार दे सकते हैं.
इससे खेती में काम करने वाले बाकी लोगों के लिए मजदूरों की उपलब्धता कम होगी और उनकी मजदूरी बढ़ने का दबाव बनेगा. कपड़ा, जूते और खाद्य प्रसंस्करण जैसे ज्यादा श्रमिकों की जरूरत वाले उद्योगों से रोजगार के ज्यादातर नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है. इन क्षेत्रों में भारत को दूसरे देशों के मुकाबले प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त हासिल है.
दूसरी रणनीति उन उद्योगों में उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान देना है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा लोग काम करते हैं. अगर कपड़ा और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के कर्मचारी अपनी उत्पादकता को राष्ट्रीय औसत के करीब ले जा सकें, तो उनके वेतन में बढ़ोतरी की संभावना भी ज्यादा होगी.
इसके लिए आधुनिक मशीनों में निवेश, फैक्ट्रियों की क्षमता बढ़ाने और निर्यात बाजारों से बेहतर जुड़ाव की जरूरत है. भारत के हालिया व्यापार समझौतों से इन सभी चीजों को बढ़ावा मिल सकता है.
तीसरी रणनीति न्यूनतम वेतन तय करना है. 21 नवंबर 2025 से लागू हुए चार श्रम संहिताओं में राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन तय करने का प्रावधान है. इसका मकसद ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों और सीधे कंपनियों के लिए काम करने वाले कर्मचारियों के वेतन के बीच अंतर कम करना है.
अगर इसे सोच-समझकर तय किया जाए, तो इससे नौकरियां खत्म किए बिना सबसे कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों की कमाई बढ़ाई जा सकती है. इसके अलावा, इन श्रम संहिताओं में ठेका मजदूरों से जुड़े प्रावधानों का मकसद भी ठेके पर काम करने वाले और सीधे नौकरी पर रखे गए कर्मचारियों के बीच अंतर कम करना है.
हालांकि, एक साल बाद भी इन नियमों को पूरी तरह लागू करने की प्रक्रिया जारी है. इस साल अक्टूबर तक सिर्फ छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने चारों श्रम संहिताओं के तहत नियमों की अधिसूचना जारी की थी. राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन की अधिसूचना भी अभी जारी नहीं हुई है.
इसके अलावा, सांख्यिकी मंत्रालय की ओर से पहली बार कराया जा रहा घरेलू आय सर्वे भी आय के रुझानों पर व्यापक आंकड़े उपलब्ध कराएगा. यह सर्वे फिलहाल चल रहा है. इससे अलग-अलग तरह के रोजगार में लगे लोगों की आय से जुड़ी जानकारी मिलेगी और नीति बनाने में लंबे समय से मौजूद एक कमी दूर होगी.
भारत की आर्थिक तरक्की की कहानी पारंपरिक रूप से उत्पादन, निवेश और निर्यात पर केंद्रित रही है. लेकिन चार दशकों के ऐतिहासिक आंकड़े बताते हैं कि उत्पादकता बढ़ने से अपने आप वेतन नहीं बढ़ता. इसके लिए सबसे जरूरी है ऐसा श्रम बाजार, जहां कामगारों की कमी हो और उनकी मांग बढ़ने से उनका महत्व भी बढ़े. यही वह बड़ी चुनौती है, जिसका सामना भारत अब कर रहा है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: मोदी कांग्रेस का सामना कर सकते हैं लेकिन असली चुनौती युवाओं के विरोध से निपटना है