scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमदेशअर्थजगतवेदांता एल्युमीनियम मेटल का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ तीन गुना होकर 6,597 करोड़ रुपये

वेदांता एल्युमीनियम मेटल का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ तीन गुना होकर 6,597 करोड़ रुपये

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड (वीएएमएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ तीन गुना होकर 6,597 करोड़ रुपये रहा है।

वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी ने 2,162 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

बीएसई को बृहस्पतिवार को दी सूचना के अनुसार, इस दौरान कंपनी की परिचालन आय 45.9 प्रतिशत बढ़कर 21,393 करोड़ रुपये हो गई।

वेदांता समूह के विभाजन (डीमर्जर) के बाद बनी चार कंपनियां- वेदांता एल्युमीनियम मेटल, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील 15 जून को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई थीं।

इनके शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद वीएएमएल का यह पहला तिमाही परिणाम है।

वीएएमएल के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रति शेयर आठ रुपये के पहले अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है। कुल लाभांश भुगतान लगभग 3,128.55 करोड़ रुपये होगा।

कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश कुमार ने कहा, ‘‘ हमने इस तिमाही में परिचालन और वित्तीय दोनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन के साथ एक स्वतंत्र कंपनी के रूप में अपनी नई यात्रा शुरू की है। यह कारोबारी मजबूती, अनुशासित क्रियान्वयन और दीर्घकालिक दृष्टि पर आधारित हमारी रणनीति की सफलता को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ तेजी से बदलते भू-राजनीतिक माहौल में संसाधनों की सुरक्षा, परिचालन एकीकरण और मूल्यवर्धित उत्पादों पर हमारा रणनीतिक ध्यान हमारी प्रतिस्पर्धी स्थिति को और मजबूत कर रहा है तथा सतत वृद्धि देने की क्षमता बढ़ा रहा है।’’

वीएएमएल देश की अग्रणी एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी है और उसके उत्पाद 60 से अधिक देशों के ग्राहकों तक पहुंचते हैं।

कंपनी वर्ष 2007 से ओडिशा के लांजीगढ़ में 50 लाख टन सालाना क्षमता की एल्युमिना रिफाइनरी और उससे संबद्ध 155 मेगावाट के निजी इस्तेमाल वाले (कैप्टिव) बिजली संयंत्र का संचालन कर रही है।

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments