नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) पीक एक्सवी पार्टनर्स, वाई कॉम्बिनेटर और गोल्डमैन सैक्स ने डिजिटल ट्रेडिंग मंच ग्रो की मूल कंपनी बिलियनब्रेन्स गैरेज वेंचर्स में अपनी लगभग दो प्रतिशत हिस्सेदारी 2,457 करोड़ रुपये में बेच दी है। बीएसई और एनएसई पर उपलब्ध थोक सौदों के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
आंकड़ों के अनुसार तीनों निवेशकों ने शुक्रवार को ग्रो में कुल 1.84 प्रतिशत हिस्सेदारी का प्रतिनिधित्व करने वाले 11.52 करोड़ से अधिक शेयर बेचे।
अमेरिका स्थित पीक एक्सवी पार्टनर्स ने अपनी इकाई पीक एक्सवी पार्टनर्स इन्वेस्टमेंट्स सिक्स-1 के माध्यम से छह करोड़ से अधिक शेयर बेचे, और गोल्डमैन सैक्स ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर ग्रो के 4,380 शेयरों का सौदा किया।
इसके अलावा वाई कॉम्बिनेटर ने अपनी इकाई वाईसी होल्डिंग्स टू, एलएलसी के माध्यम से बीएसई पर 5.50 करोड़ शेयर बेचे। इन शेयरों की बिक्री 211.09 रुपये से 215.20 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे में की गई, जिससे सौदे का कुल मूल्य 2,456.87 करोड़ रुपये रहा।
भाषा
पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.