scorecardresearch
Monday, 12 October, 2026
होमदेशअर्थजगतवेणु श्रीनिवासन परिवार में नहीं हुआ कोई आर्थिक समझौता: लक्ष्मी वेणु, मल्लिका श्रीनिवासन

वेणु श्रीनिवासन परिवार में नहीं हुआ कोई आर्थिक समझौता: लक्ष्मी वेणु, मल्लिका श्रीनिवासन

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन के परिवार में उत्तराधिकार को लेकर मतभेदों के बीच उनकी बेटी लक्ष्मी वेणु और पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन ने सोमवार को कहा कि परिवार के भीतर कोई आर्थिक समझौता नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह रुख न तो स्वीकार्य है और न ही स्थापित हुआ है कि परिवार की सभी संपत्तियां केवल एक व्यक्ति की हैं, जो उन्हें एकतरफा तरीके से बांटने के लिए स्वतंत्र है।

वर्ष 2020 में 115 साल पुराने टीवीएस औद्योगिक समूह का विभाजन संस्थापक टी वी सुंदरम अयंगर के परिवार की विभिन्न शाखाओं के बीच किया गया था। उस समझौते के तहत संपत्तियों का मूल्यांकन किया गया, उन्हें पारस्परिक रूप से सहमत शर्तों पर विभाजित किया गया और परिवार के सदस्यों को मुआवजा दिया गया। उस व्यवस्था के तहत वेणु श्रीनिवासन परिवार ने समूह की प्रमुख कंपनियों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था।

इस समय श्रीनिवासन टीवीएस मोटर कंपनी के मानद चेयरमैन हैं। टीवीएस होल्डिंग्स की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, परिवार/प्रवर्तक समूह के पास कंपनी में 74.45 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसमें वेणु श्रीनिवासन के पास वीएस ट्रस्ट के जरिये 66.55 प्रतिशत हिस्सेदारी है। टीवीएस होल्डिंग्स के पास टीवीएस मोटर की 56 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

परिवार के भीतर मतभेद तब सामने आए जब टीवीएस होल्डिंग्स ने खुलासा किया कि ट्रस्ट संरचनाओं के माध्यम से टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक तथा वेणु श्रीनिवासन के बेटे सुदर्शन वेणु को महत्वपूर्ण लाभकारी मालिक (एसबीओ) नामित किया गया था।

उद्योग सूत्रों ने बताया कि वाहन कलपुर्जा विनिर्माता सुंदरम-क्लेटन लिमिटेड की प्रमुख लक्ष्मी वेणु परिवार की संपत्ति के उचित निपटारे के लिए बातचीत और विचार-विमर्श की मांग कर रही हैं।

समझा जाता है कि मल्लिका श्रीनिवासन भी मतभेदों को बढ़ाने के बजाय परिवार के सदस्यों को एक साथ बैठकर न्यायसंगत समाधान की दिशा में काम करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।

लक्ष्मी वेणु और मल्लिका श्रीनिवासन ने एक बयान में कहा, ”वेणु श्रीनिवासन परिवार के भीतर कोई आर्थिक समझौता नहीं हुआ है। व्यापक टीवीएस परिवार का विभाजन, जिस पर 2020 में सहमति बनी थी और जिसे बाद में लागू किया गया था, संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए एक प्रक्रिया के माध्यम से पूरा किया गया था।”

बयान के अनुसार, ”वेणु श्रीनिवासन परिवार के भीतर आर्थिक हितों को लेकर पारदर्शी मूल्यांकन, चर्चा और आपसी सहमति से जुड़ी ऐसी कोई तुलनीय प्रक्रिया नहीं हुई है। इन आर्थिक हितों के विभाजन को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है।”

परिवार ने मार्च, 2024 में एक सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे, हालांकि यह विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में टीवीएस ब्रांड के उपयोग और गैर-प्रतिस्पर्धा समझौते से संबंधित है।

उनके अनुसार, परिवार ने न तो इस बात पर सहमति जताई है कि सभी संपत्तियां केवल एक व्यक्ति की हैं और न ही यह स्थापित हुआ है कि कोई भी एक व्यक्ति उन्हें एकतरफा तरीके से वितरित कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन भूमिकाओं का आवंटन परिवार की संपत्तियों का विभाजन नहीं करता है और न ही यह परिवार के सदस्यों के आर्थिक हितों का स्थान लेता है।

उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेडमार्क, ब्रांड उपयोग और गैर-प्रतिस्पर्धा दायित्वों से संबंधित व्यवस्थाओं को आर्थिक समझौता नहीं माना जा सकता, क्योंकि ऐसा कोई समझौता उन व्यवस्थाओं का हिस्सा नहीं था।

मल्लिका श्रीनिवासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस संदर्भ में टैफे (एक प्रमुख ट्रैक्टर कंपनी) का उल्लेख अनुचित है। यह एक अलग पारिवारिक व्यापारिक समूह है जिसमें मल्लिका श्रीनिवासन शेयरधारक हैं।

बयान में कहा गया, ”टैफे का वेणु श्रीनिवासन परिवार के भीतर आर्थिक समझौते से कोई लेना-देना नहीं है और इसे इसके साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। टैफे के साथ उनके दीर्घकालिक जुड़ाव और संरक्षक भूमिका को वेणु श्रीनिवासन परिवार के भीतर आर्थिक हितों के न्यायसंगत वितरण के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत करना पूरी तरह से भ्रामक है।”

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments