नई दिल्ली: मध्य प्रदेश मंत्रि-परिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष बैठक आयोजित कर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया. मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काम करने का संकल्प लिया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी का कार्यकाल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उदाहरण है. उन्होंने बुनियादी ढांचे, डिजिटल अर्थव्यवस्था, रक्षा, तकनीक और गरीबों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया.
प्रस्ताव में मध्य प्रदेश की विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया गया. इसमें भोपाल और इंदौर की करीब 23 हजार करोड़ रुपये की मेट्रो परियोजनाएं, केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की योजनाएं शामिल हैं.
सरकार ने दो लाख से अधिक नई सरकारी नौकरियों के सृजन, अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरू करने का लक्ष्य भी रखा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में विकास, निवेश और जनकल्याण के कार्यों को गति मिल रही है.
बैठक में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी उपस्थित रहे.