नई दिल्ली: उत्तराखंड में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया. कार्यक्रम मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित हुआ.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है. राज्य सरकार कुंभ के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
कुंभ का आधिकारिक लोगो मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल, शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू और मनसा देवी-चंडी देवी की पहाड़ियों को दर्शाता है. इसके लिए राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से सैकड़ों प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं. इनमें हरिद्वार निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया गया.
कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in पर आयोजन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध होंगी. वहीं, हरिद्वार के गायक राघव राजा द्वारा रचित और गाए गए आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ के जरिए श्रद्धालुओं तक कुंभ के आगमन का संदेश पहुंचाया जाएगा.
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, मेलाधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.