scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशअर्थजगतचिली के साथ अक्टूबर में, पेरू के साथ नवंबर में होगी व्यापार समझौतों पर अगले दौर की वार्ता

चिली के साथ अक्टूबर में, पेरू के साथ नवंबर में होगी व्यापार समझौतों पर अगले दौर की वार्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर (भाषा) भारत और दो दक्षिण अमेरिकी देशों चिली तथा पेरू के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौतों पर अगले दौर की बातचीत क्रमशः अक्टूबर और नवंबर में होगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि चिली के साथ पांच दिवसीय वार्ता 27 अक्टूबर को सैंटियागो में शुरू होगी, जबकि पेरू के साथ तीन दिवसीय विचार-विमर्श तीन नवंबर को लीमा में शुरू होगा। दोनों समझौतों पर अलग-अलग बातचीत की जा रही है।

भारत चिली के साथ दूसरे दौर की व्यापार वार्ता तथा पेरू के साथ आठवें दौर की बातचीत करेगा।

भारत और चिली ने 2006 में एक अधिमान्य व्यापार समझौता (पीटीए) लागू किया था और अब वे एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) के लिए इसके दायरे को बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहे हैं।

सीईपीए का उद्देश्य दोनों देशों के बीच हुए पीटीए को और आगे बढ़ाना है और इसमें डिजिटल सेवाएं, निवेश संवर्धन और सहयोग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों को शामिल करना है।

भारत और चिली के बीच द्विपक्षीय व्यापार सामान्य सा है। वित्त वर्ष 2024-25 में, चिली को भारत का निर्यात 2.46 प्रतिशत घटकर मात्र 1.15 अरब डॉलर रह गया। हालांकि, आयात 72 प्रतिशत बढ़कर 2.60 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments