scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशअर्थजगतटेक महिंद्रा की एआई कोडिंग मंच स्पेसएक्सएसआई के साथ साझेदारी की घोषणा

टेक महिंद्रा की एआई कोडिंग मंच स्पेसएक्सएसआई के साथ साझेदारी की घोषणा

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अक्टूबर (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टेक महिंद्रा ने बृहस्पतिवार को एआई कोडिंग मंच स्पेसएक्सएसआई के साथ साझेदारी की घोषणा की। इसका उद्देश्य वैश्विक कंपनियों को पुराने सॉफ्टवेयर आधुनिक बनाने, सॉफ्टवेयर विकास में तेजी लाने और डेवलपर की उत्पादकता बढ़ाने में मदद करना है।

टेक महिंद्रा ने बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत टेक महिंद्रा की इंजीनियरिंग, उद्यमों के बदलाव और एआई परामर्श संबंधी विशेषज्ञता को स्पेसएक्सएसआई के एआई आधारित विकास मंच से जोड़ा जाएगा। इससे कंपनियों को सॉफ्टवेयर विकास प्रक्रिया बेहतर बनाने और कोड की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिलेगी।

यह पहल प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा और खुदरा कारोबार जैसे क्षेत्रों पर केंद्रित होगी।

टेक महिंद्रा के अध्यक्ष (प्रौद्योगिकी, मीडिया एवं मनोरंजन कारोबार) सुमित कुमार पोपली ने कहा कि कंपनियां अब एआई के सीमित प्रयोग से आगे बढ़कर सॉफ्टवेयर विकास की पूरी प्रक्रिया में इसका इस्तेमाल करना चाहती हैं। इस साझेदारी से कंपनियों को सुरक्षा, गुणवत्ता और नियामकीय अनुपालन की जरूरतें पूरा करते हुए बड़े स्तर पर एआई आधारित सॉफ्टवेयर विकास अपनाने में मदद मिलेगी।

आईटी कंपनी अपनी इंजीनियरिंग और एप्लिकेशन आधुनिकीकरण सेवाओं में स्पेसएक्सएसआई के कोडिंग एजेंट ‘ग्रोक बिल्ड’ की विशेषज्ञता का इस्तेमाल करेगी। इससे विकास चक्र छोटा करने, डेवलपर की उत्पादकता बढ़ाने और बेहतर गुणवत्ता वाले सॉफ्टवेयर की आपूर्ति में तेजी लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

दोनों कंपनियां संयुक्त विपणन पहल, ग्राहक संपर्क, क्षेत्र-विशेष समाधान और प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी काम करेंगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments