नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन ने प्रोबस स्मार्ट थिंग्स के साथ सहयोग की शुक्रवार को घोषणा की। इस सहयोग का मकसद ‘ब्लूटूथ’ सक्षम संचार के साथ एक सार्वभौमिक नेटवर्क इंटरफेस कार्ड (एनआईसी) को अपनाकर ‘स्मार्ट मीटरिंग’ प्रौद्योगिकी में व्यापक स्तर पर बदलाव लाना है।
कंपनी के बयान के अनुसार, इस सहयोग के तहत टाटा पावर-डीडीएल और प्रोबस संयुक्त रूप से स्मार्ट मीटरिंग प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाने के लिए इसके नवीन इस्तेमाल खोजेंगे और इन प्रयासों से उत्पन्न बौद्धिक संपदा की रक्षा के लिए संयुक्त पेटेंट दायर करेंगे।
टाटा पावर डीडीएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गजानन एस. काले ने कहा, ‘‘ यह पहल टाटा पावर-डीडीएल के उसके उपभोक्ताओं के लिए विश्वसनीय, कुशल तथा टिकाऊ समाधान प्रदान करने के दृष्टिकोण के अनुरूप है।’’
प्रोबस स्मार्ट थिंग्स के संस्थापक एवं सीईओ आनंद सिंह ने कहा, ‘‘ टाटा पावर-डीडीएल के साथ मिलकर काम करके, हमारा लक्ष्य स्मार्ट मीटरिंग प्रौद्योगिकी में एक नया मानक स्थापित करना है।’’
‘स्मार्ट मीटरिंग’ प्रणाली को स्मार्ट मीटर, डेटा प्रबंधन प्रणाली और संचार नेटवर्क की एक एकीकृत प्रणाली के रूप में परिभाषित किया जाता है।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.