नयी दिल्ली, तीन नवंबर (भाषा) देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई का एकल आधार पर शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 14 प्रतिशत बढ़कर 23,038 करोड़ रुपये रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का शुद्ध लाभ एक साल पहले 2025-26 की इसी तिमाही में 20,160 करोड़ रुपये था।
एसबीआई ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि बैंक की कुल आय चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में बढ़कर 1,43,796 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,34,979 करोड़ रुपये थी।
बैंक की ब्याज आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 1,32,019 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,19,654 करोड़ रुपये थी।
एसबीआई की गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) कुल कर्ज के प्रतिशत के रूप में सितंबर, 2026 को समाप्त तिमाही में घटकर 1.39 प्रतिशत रहीं। एक साल पहले यह आंकड़ा 1.73 प्रतिशत था।
बैंक का शुद्ध एनपीए भी कम होकर 0.36 प्रतिशत रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 0.42 प्रतिशत था।
इसके परिणामस्वरूप, फंसे हुए कर्ज के लिए प्रावधान घटकर 2,759 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,132 करोड़ रुपये था।
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) समूह का एकीकृत आधार पर शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 20 प्रतिशत बढ़कर 25,361 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 21,137 करोड़ रुपये था।
समूह की कुल आय भी आलोच्य तिमाही में बढ़कर 1,87,756 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,75,898 करोड़ रुपये थी।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.