नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) अपशिष्ट जल शोधन समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी एसएफसी एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड का 668 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 27 अक्टूबर को अभिदान के लिए खुलेगा।
कंपनी की ओर से बुधवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 313-330 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 3,233 करोड़ रुपये बैठता है।
आईपीओ 27 अक्टूबर को खुलेगा और 29 अक्टूबर को बंद होगा, जबकि बड़े (एंकर) निवेशक 26 अक्टूबर को बोली लगा सकेंगे। आईपीओ 150 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1.57 करोड़ तक के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा।
नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
कंपनी का शेयर तीन नवंबर को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध हो सकता है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.