मुंबई, 27 अक्टूबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे मजबूत होकर 95.12 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमत और डॉलर मजबूत होने के बीच भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से रुपये में कुछ सुधार आया, लेकिन विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के दबाव को भारतीय मुद्रा झेल नहीं सकी।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.17 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 95.09 से 95.24 प्रति डॉलर के दायरे में रहा और अंत में पिछले बंद भाव से तीन पैसे मजबूत होकर 95.12 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
रुपया सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ 22 पैसे टूटकर 95.15 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। पिछले तीन कारोबारी सत्रों में रुपये में कुल 77 पैसे की गिरावट आई थी।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपये में मामूली मजबूती आई। हालांकि, कच्चे तेल की कीमत में तेजी और घरेलू शेयर बाजारों में कमजोर रुख ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा। डॉलर में मजबूती से भी रुपये पर दबाव रहा।
चौधरी ने कहा कि मजबूत डॉलर और वैश्विक बाजारों में कमजोरी के कारण रुपये का रुख आगे भी नरम रह सकता है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें भी रुपये पर दबाव बनाए रख सकती हैं। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत से तनाव कम होने की उम्मीद, रुपये को निचले स्तर पर सहारा दे सकती है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 101.86 पर रहा।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.07 प्रतिशत गिरकर 115.73 डॉलर प्रति बैरल पर था, लेकिन छह महीने के उच्च स्तर के करीब बना हुआ था।
विश्लेषकों के अनुसार, हूती नेतृत्व वाले समूह के सऊदी अरब के तेल ढांचे पर हमलों से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने की आशंका बढ़ी है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों को समर्थन मिला है।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 8.08 अंक गिरकर 73,598.67 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 3.45 अंक टूटकर 22,749.75 अंक पर रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने सोमवार को शुद्ध रूप से 1,462.49 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.