scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा, चार पैसे की बढ़त के साथ 87.07 प्रति डॉलर पर

रुपया सर्वकालिक निचले स्तर से उबरा, चार पैसे की बढ़त के साथ 87.07 प्रति डॉलर पर

Text Size:

मुंबई, चार फरवरी (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबर गया और चार पैसे की मजबूती के साथ 87.07 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मेक्सिको और कनाडा पर शुल्क बढ़ोतरी को लागू करने की प्रक्रिया को एक महीने टालने के बाद अमेरिकी डॉलर सूचकांक अपने उच्चस्तर से नीचे आया है जिससे स्थानीय मुद्रा पर दबाव कम हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर सूचकांक जो 109.88 के स्तर को पार कर गया था, वह शुल्क पर अस्थायी रोक की घोषणा के बाद 108 के स्तर पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 86.98 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान 87.13 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक पहुंचा। अंत में स्थानीय मुद्रा 87.07 प्रति डॉलर पर बंद हुई, जो पिछले बंद भाव से चार पैसे की बढ़त है।

रुपया सोमवार को 49 पैसे की गिरावट के साथ 87.11 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ हमें उम्मीद है कि अमेरिकी व्यापार शुल्कों पर अनिश्चितता के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। चीन के शुल्क युद्ध को बढ़ाने से वैश्विक जोखिम धारणा प्रभावित हो सकती है, जिससे अमेरिकी डॉलर मजबूत हो सकता है और निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्प की तलाश करेंगे। हालांकि, किसी भी केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिल सकता है।’’

चौधरी ने कहा कि इस सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक से पहले निवेशक सतर्क रह सकते हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिन की बैठक पांच फरवरी से शुरू होगी। बैठक के नतीजों की घोषणा सात फरवरी को की जाएगी।

इस बीच, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि भारतीय रुपये का मूल्य बाजार द्वारा निर्धारित होता है, जो एक निश्चित विनिमय दर व्यवस्था की विशेषता है।

वहीं छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 108.47 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.06 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 1,397.07 अंक की बढ़त के साथ 78,583.81 अंक पर, जबकि निफ्टी 378.20 अंक यानी 1.62 प्रतिशत चढ़कर 23,739.25 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को शुद्ध रूप से 809.23 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments