मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच रुपया बृहस्पतिवार को 44 पैसे टूटकर 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजार में सुस्ती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपये की शुरुआत स्थिर से कमजोर रुख के साथ हुई।
उन्होंने कहा कि यमन के हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमले तेज करने से वैश्विक बाजारों की धारणा प्रभावित हुई। हालांकि, डॉलर सूचकांक में नरमी और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल में गिरावट से रुपये की कमजोरी कुछ सीमित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह कमजोर होकर 94.94 प्रति डॉलर के निचले स्तर तक आ गया और अंत में पिछले बंद भाव से 44 पैसे की गिरावट के साथ 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।
रुपया बुधवार को 53 पैसे मजबूत होकर 94.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत के नुकसान के साथ 101.60 पर कारोबार कर रहा था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के बाद निकट अवधि में डॉलर की उपलब्धता बेहतर हुई है। अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की उम्मीदों से भी विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ने की संभावना है।
हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से फिर से निकासी बढ़ने या कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंचने पर यह स्थिरता प्रभावित हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 3.23 प्रतिशत बढ़कर 112.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एसबीआई सिक्योरिटीज में मौलिक शोध प्रमुख सनी अग्रवाल ने कहा, ”सऊदी अरामको के तेल क्षेत्र पर हमलों और अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद पश्चिम एशिया संघर्ष बढ़ने की खबरों के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमतों में करीब तीन प्रतिशत की तेजी आई।”
घरेलू शेयर बाजार में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 460.30 अंक की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 123.70 अंक टूटकर 22,687.65 अंक पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,022.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
इस बीच, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में दूसरे दिन बृहस्पतिवार को बोली शुरू होने के दो घंटे के भीतर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को पूर्ण अभिदान मिल गया।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.