नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) नए कारोबारी मॉडल को अपना रही सार्वजनिक क्षेत्र की राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के कर्मचारियों के संघ ने सरकार से अनुरोध किया है कि वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) को इस मॉडल के लिए रुचि पत्र देने का निर्देश दे।
इस मॉडल के तहत आरआईएनएल कंपनियों को तैयार इस्पात उत्पादों की आपूर्ति करने के बदले उनसे कार्यशील पूंजी या एक या अधिक कच्चे माल की आपूर्ति लेगी। रुचि पत्र जमा कराने की अंतिम तारीख 15 अप्रैल, 2023 है।
आरआईएनएल की स्टील एक्जिक्यूटिव एसोसिएशन (एसईए) ने इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र भेजकर कहा है, ‘‘अनुरोध है कि आरआईएनएल ने इस्पात आपूर्ति के बदले कार्यशील पूंजी/कच्ची सामग्री प्राप्त करने के लिए जो रुचि पत्र आमंत्रित किए हैं, सेल को उसमें बोली देने का निर्देश दिया जाए।’’
एसईए के महासचिव केवीडी प्रसाद ने कहा, ‘‘यह प्रस्ताव सभी के लिए लाभदायक है। आरआईएनएल का विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र इकलौता तटीय एकीकृत इस्पात संयंत्र है जिसके 25 किलोमीटर के दायरे में दो अहम बंदरगाह आते हैं। इस संयंत्र में विभिन्न उद्योगों के लिए विश्वस्तरीय उत्पाद बनते हैं।’’
भाषा
मानसी अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.