मुंबई, 16 नवंबर (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने टाटा समूह की मूल कंपनी टाटा संस को मौजूदा नियमों के तहत शेयर बाजार में सूचीबद्धता की अनिवार्यता का पालन करने के लिए सोमवार को एक बार फिर कहा। केंद्रीय बैंक ने कंपनी को भेजे ताजा पत्र में यह बात कही।
आरबीआई के विनियमन विभाग के एक उप महाप्रबंधक ने टाटा संस प्राइवेट लिमिटेड (टीएसपीएल) के छह अक्टूबर को भेजे गए पत्र के जवाब में बाजार सूचीबद्धता की बात दोहराई।
पीटीआई-भाषा द्वारा देखे गए इस पत्र में कहा गया है, ”आपको सलाह दी जाती है कि आप अपनी कंपनी को सूचीबद्ध कराने की अनिवार्यता सहित ‘अपर लेयर’ वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के संबंध में आरबीआई की वेबसाइट पर उपलब्ध मौजूदा नियमों, दिशानिर्देशों और निर्देशों का पालन करें।”
इसमें कहा गया है कि टाटा संस ने अपने पत्र में किसी विशिष्ट मुद्दे पर मार्गदर्शन नहीं मांगा था, लेकिन उसमें कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में सूचीबद्धता के संबंध में हुई चर्चा का उल्लेख था। इससे लगता है कि कंपनी का अनुरोध इसी मुद्दे पर मार्गदर्शन पाने के लिए था।
इस संबंध में टाटा संस और आरबीआई को भेजे गए ईमेल का तत्काल कोई जवाब नहीं मिला।
आरबीआई ने 11 सितंबर को एक एनबीएफसी के रूप में टाटा संस के पंजीकरण रद्द करने के आवेदन को खारिज कर दिया था। इसके बाद केंद्रीय बैंक ने कंपनी से सूचीबद्धता के नियमों का पालन करने को कहा था। यह फैसला 17 सितंबर को होने वाली कंपनी के निदेशक मंडल की अहम बैठक से कुछ दिन पहले आया था।
टाटा संस की सूचीबद्धता पिछले कुछ वर्षों से टाटा समूह के भीतर मतभेद का विषय रही है। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा इसका विरोध कर रहे हैं। टाटा संस में दो-तिहाई से अधिक हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट का मानना है कि सूचीबद्धता से समूह के कामकाज के मौजूदा तौर-तरीकों पर असर पड़ सकता है।
वहीं, टाटा संस के चेय़रमैन एन चंद्रशेखरन के नेतृत्व वाला प्रबंधन आरबीआई प्रावधानों का पालन करने के पक्ष में है। कंपनी में 18 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी रखने वाला शापूरजी पालोनजी समूह भी सूचीबद्धता का समर्थन करता है। उसका मानना है कि इससे उसे भारी कर्ज चुकाने के लिए नकदी जुटाने में मदद मिलेगी।
इस बीच, मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि रतन टाटा के भाई जिमी टाटा भी कंपनी की सूचीबद्धता और चंद्रशेखरन को फिर से चेयरमैन नियुक्त किए जाने के समर्थन में हैं।
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.