scorecardresearch
Sunday, 16 August, 2026
होमदेशअर्थजगतराजस्थान की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है: मुख्यमंत्री शर्मा

राजस्थान की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है: मुख्यमंत्री शर्मा

Text Size:

जयपुर, 16 अगस्त (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है और विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।

शर्मा ने चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित ‘अटल गौरव स्मृति समारोह’ को संबोधित करने के दौरान कही।

पचपदरा में रिफाइनरी के उद्घाटन, ऊर्जा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और 1,192 किलोमीटर नए एक्सप्रेस-वे सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2030 तक राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 350 अरब डॉलर और वर्ष 2047 तक 4.3 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचाने का हमारा संकल्प है।’’

शर्मा ने कहा कि रविवार को जिन विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, वे इस प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं कि राजस्थान में विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 15 जिलों में 5,659 करोड़ रुपये की लागत वाली 944 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

वाजपेयी को देश का महान नेता बताते हुए शर्मा ने कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में किए गए दूसरे परमाणु परीक्षण और 1999 के कारगिल युद्ध में मिली जीत ने दुनियाभर में भारत की छवि को मजबूत किया।

शर्मा ने कहा कि इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से भारत को एक स्वाभिमानी और सशक्त राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और देश में नक्सलवाद की समस्या को खत्म करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

शर्मा ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानून लागू कर शाह ने देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था में व्यापक सुधार किया है।

इससे पहले शाह ने वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

भाषा

पृथ्वी रवि कांत योगेश

योगेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments