चंडीगढ़, चार नवंबर (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि करने की घोषणा की। इसके साथ महंगाई भत्ता बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है।
मान ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य सरकार की तरफ से आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली का तोहफा दिया जा रहा है। उनके महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस वृद्धि के बाद महंगाई भत्ते की दर बढ़कर 53 प्रतिशत हो जाएगी। वर्ष 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के समय महंगाई भत्ते की दर 28 प्रतिशत थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने दो महीने के भीतर डीए में 11 प्रतिशत की वृद्धि की है। इससे पहले सरकार ने इसमें आठ प्रतिशत की वृद्धि की थी।
मान ने कहा कि राज्य सरकार ने योग्यता के आधार पर 71,777 नई सरकारी नौकरियां भी दी हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं और वे किसी भी समय आकर अपनी बात रख सकते हैं।
संगरूर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली के बारे में पूछे जाने पर मान ने कहा कि सभी को रैली करने का अधिकार है।
मोगा के विधायक के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी पर उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी से संकेत मिलता है कि चुनाव समय पर होने वाले हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के नजदीक आने पर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि छापेमारी होने दीजिए, उन्हें कुछ नहीं मिलेगा।
धान की पराली जलाने से प्रदूषण बढ़ने के सवाल पर मान ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण के पीछे पंजाब की कोई भूमिका नहीं है और दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी यह बात जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
सिरसा ने मंगलवार को पराली जलाने के मुद्दे पर आप सरकार की आलोचना की थी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.