scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशअर्थजगतराजस्थान रिफाइनरी में आग के बाद प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन का कार्यक्रम टला

राजस्थान रिफाइनरी में आग के बाद प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन का कार्यक्रम टला

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 21 अप्रैल, 2026 को राजस्थान रिफाइनरी के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को कच्चे तेल की डिस्टिलेशन इकाई के पास आग लगने के बाद स्थगित कर दिया गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के परिसर में कच्चा तेल डिस्टिलेशन इकाई के पास आग लग गई थी लेकिन इस आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

मंत्रालय ने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। उद्घाटन कार्यक्रम की नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी।

मंत्रालय ने अपनी पोस्ट में कहा कि “आज एचआरआरएल रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन इकाई के आसपास आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण प्रधानमंत्री द्वारा 21 अप्रैल को प्रस्तावित उद्धाटन कार्यक्रम को स्थगित किया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को इस रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले थे। उनका बालोतरा के पचपदरा में स्थित भारत के पहले नए एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोरसायन परिसर राष्ट्र को समर्पित करने का कार्यक्रम था।

यह परियोजना 79,450 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से विकसित की गई है। यह भारत के ऊर्जा और पेट्रोरसायन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित की गई है। इसकी सालाना क्षमता 90 लाख टन होगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments