नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) देश की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने सह-उत्पादन परियोजनाओं में 26 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी लेने की इच्छुक वाणिज्यिक एवं औद्योगिक इकाइयों से रुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित किए हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली कंपनी ने बयान में बताया कि इस पहल का मकसद भाप और बिजली की औद्योगिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सह-उत्पादन सुविधाएं विकसित करने के अवसरों की तलाश करना है। इसके साथ ही कोयला, नवीकरणीय ऊर्जा और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) पर आधारित एकीकृत बिजली आपूर्ति समाधान भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
कंपनियों द्वारा ऊर्जा सुरक्षा, लागत में कमी और स्थिरता पर बढ़ते ध्यान के बीच सह-उत्पादन एक एकीकृत प्रणाली के जरिये भाप और बिजली का एक साथ उत्पादन कर समग्र ऊर्जा दक्षता को बढ़ाता है।
प्रस्तावित पहल का मकसद दीर्घकालिक बिजली आपूर्ति व्यवस्थाओं के जरिये भरोसेमंद, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा समाधान देकर उद्योगों की विभिन्न जरूरतों को पूरा करना है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.