(राजेश राय)
हेग, 26 अक्टूबर (भाषा) नीदरलैंड के व्यापार मंत्री सोर्ड सोर्ड्समा ने सोमवार को कहा कि उन्हें कार्बन सीमा समायोजन प्रणाली (सीबीएएम) के किसी भी नए समझौते की उम्मीद नहीं है, और उन्होंने इसे एक आवश्यक उपाय बताया।
उन्होंने हालांकि कहा कि नीदरलैंड छोटे और मझोले उद्यमों (एमएमई) को नियमों को समझने और अनुपालन को आसान बनाने में मदद कर रहा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या यूरोपीय संघ (ईयू) सीबीएएम पर पुनर्विचार करेगा क्योंकि इससे आयात महंगा हो जाएगा, उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”मुझे नहीं लगता कि सीबीएएम पर कोई नया समझौता होगा क्योंकि हम इसे यह सुनिश्चित करने के लिए एक जरूरी उपाय के रूप में देखते हैं कि हम उन लक्ष्यों पर टिके रहें जिन पर पूरी दुनिया ने सहमति जताई है, यानी पेरिस जलवायु समझौते के लक्ष्य।”
उन्होंने यहां भारत-नीदरलैंड व्यवसाय मंच के मौके पर पत्रकारों से कहा, ”हम मानते हैं कि न केवल हमें बल्कि पूरी दुनिया इन लक्ष्यों का पालन करना चाहिए।”
ईयू का सीबीएएम लोहा और इस्पात, एल्युमीनियम, सीमेंट, उर्वरक, बिजली और हाइड्रोजन सहित कुछ कार्बन-सघन वस्तुओं के आयात पर कार्बन कर लगाने के लिए तैयार किया गया है।
ये टिप्पणियां महत्वपूर्ण हैं क्योंकि वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने हाल ही में कहा था कि यूरोपीय संघ अपने इस्पात उत्पादों पर कार्बन कर लगाकर ”नुकसान को आमंत्रित” कर रहा है।
भाषा
पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.