scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशअर्थजगतभारतीय बाजार में सूचीबद्धता पर फिलहाल कोई निर्णय नहींः पर्नो रिकार्ड

भारतीय बाजार में सूचीबद्धता पर फिलहाल कोई निर्णय नहींः पर्नो रिकार्ड

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) फ्रांसीसी शराब उत्पादक पर्नो रिकार्ड ने मंगलवार को कहा कि उसकी भारतीय इकाई की बाजार सूचीबद्धता को लेकर फिलहाल कोई निर्णय नहीं लिया गया है लेकिन वह शेयरधारकों के लिए मूल्य सृजन के विभिन्न विकल्पों का मूल्यांकन जारी रखे हुए है।

एब्सोल्यूट, शिवास रीगल और ग्लेनलिवेट जैसे ब्रांड का स्वामित्व रखने वाली कंपनी ने कहा, “इस समय किसी विशेष विकल्प या कार्रवाई पर कोई फैसला नहीं हुआ है।”

इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि वह नियमित रूप से रणनीतिक अवसरों का आकलन करती रहती है और पूंजी संरचना के अनुकूलन सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है।

कंपनी की भारतीय इकाई पर्नो रिकार्ड इंडिया (पीआरआई) वित्त वर्ष 2024-25 में 27,446 करोड़ रुपये के राजस्व के साथ देश की प्रमुख शराब कंपनियों में शामिल है। पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने लगभग आठ प्रतिशत की संचयी दर से वृद्धि हासिल की है।

कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी हेलेन डी टिसो ने फरवरी में एक निवेशक आय चर्चा के दौरान कहा था कि भारत में संभावित सूचीबद्धता उसकी कर्ज घटाने की रणनीति का हिस्सा नहीं है।

पर्नो रिकार्ड के अनुसार, भारत मात्रा के लिहाज से उसका सबसे बड़ा बाजार है जबकि मूल्य के आधार पर अमेरिका के बाद भारत दूसरे स्थान पर है।

कंपनी ने कहा कि भारत में उसे वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है, जहां मांग और बिक्री में तेजी देखी जा सकती है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments