नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) कॉरपोरेट कर संग्रह में अच्छी वृद्धि से चालू वित्त वर्ष 2026-27 में एक अप्रैल से 14 अक्टूबर के बीच शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 13.21 प्रतिशत बढ़कर करीब 13.38 लाख करोड़ रुपये हो गया।
इस दौरान शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह 20.58 प्रतिशत बढ़कर 5.99 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि गैर-कॉरपोरेट कर (व्यक्ति, कंपनियों और हिंदू अविभाजित परिवारों द्वारा चुकाया जाने वाला कर) संग्रह 5.83 प्रतिशत बढ़कर करीब 6.92 लाख करोड़ रुपये रहा।
वित्त वर्ष 2026-27 में 14 अक्टूबर तक प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) संग्रह 52 प्रतिशत बढ़कर 46,840 करोड़ रुपये हो गया।
इस अवधि में कर ‘रिफंड’ (कर वापसी) सालाना आधार पर 24.22 प्रतिशत बढ़कर 2.65 लाख करोड़ रुपये हो गया।
सकल आधार पर प्रत्यक्ष कर संग्रह 14 अक्टूबर तक 15 प्रतिशत बढ़कर 16.03 लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें 7.53 लाख करोड़ रुपये का कॉरपोरेट कर संग्रह और 8.03 लाख करोड़ रुपये का गैर-कॉरपोरेट कर संग्रह शामिल है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.