कोलार (कर्नाटक), 20 फरवरी (भाषा) जर्मनी की पैकेजिंग व बॉटलिंग मशीन विनिर्माता कंपनी क्रोन्स ने कोलार जिले के वेमागल में 315 करोड़ रुपये की लागत से बॉटलिंग मशीन विनिर्माण संयंत्र की स्थापना शुरू कर दी है।
कर्नाटक के बड़े एवं मध्यम उद्योग मंत्री एम बी पाटिल यहां भूमिपूजन समारोह में शामिल हुए।
मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह परियोजना हाल ही में संपन्न वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएम)-इन्वेस्ट कर्नाटक-2025 के दौरान हस्ताक्षरित 10.27 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों का हिस्सा है।
बयान में कहा गया, पाटिल ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार का ध्यान निवेश परियोजनाओं को साकार करने पर है। क्रोन्स का अपना संयंत्र स्थापित करने का निर्णय इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जीआईएम से पहले, पाटिल ने पिछले साल दिसंबर में जर्मनी में एक प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करते हुए क्रोन्स के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की थी। पाटिल ने न्यूट्रौब्लिंग में कंपनी के मुख्यालय में एक प्रारंभिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। कुल 315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस संयंत्र से 550 नौकरियों का सृजन होगा।
भाषा निहारिका अनुराग
अनुराग
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.