scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजापान की यात्रा बेहद सफल रही, निवेश को नया आयाम देगीः मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री

जापान की यात्रा बेहद सफल रही, निवेश को नया आयाम देगीः मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री

Text Size:

(फाइल तस्वीर के साथ)

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव निवेशक शिखर सम्मेलन से पहले जापान की अपनी चार-दिवसीय यात्रा पूरी कर शनिवार को भारत लौट आए।

यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी जापान यात्रा ‘अत्यंत सुखद और सफल’ रही।

उन्होंने कहा कि जापान यात्रा मध्य प्रदेश में निवेश के नए आयाम स्थापित करेगी और भोपाल में आयोजित होने वाले ‘वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन’ में जापान के भागीदार देश के रूप में शामिल होने से दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत होंगे।

उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य 24-25 फरवरी को भोपाल में होने वाले आगामी निवेशक शिखऱ सम्मेलन (जीआईएस) के लिए निवेश जुटाना था।

इस यात्रा के दौरान यादव ने प्रमुख जापानी उद्योगपतियों से मुलाकात की, उनके साथ राज्य की संभावनाओं पर चर्चा की और उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने ”फ्रेंड्स ऑफ एमपी-जापान” टीम के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लिया और जापान में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज के साथ औपचारिक चर्चा की। ये चर्चाएं मध्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर केंद्रित थीं।

यादव ने एडोगावा शहर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की और भारतीय दूतावास में आयोजित ‘भारत-जापान संबंधों का जश्न’ कार्यक्रम में शिरकत की।

भाषा पाण्डेय प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments