scorecardresearch
Wednesday, 6 May, 2026
होमदेशअर्थजगतनौकरी की ऑनलाइन तलाश में फर्जीवाड़े को लेकर भारतीय पेशेवर हो रहे जागरूकः रिपोर्ट

नौकरी की ऑनलाइन तलाश में फर्जीवाड़े को लेकर भारतीय पेशेवर हो रहे जागरूकः रिपोर्ट

Text Size:

मुंबई, छह मई (भाषा) भारतीय पेशेवरों के बीच नौकरी की तलाश में फर्जीवाड़े को लेकर सतर्कता बढ़ी है और अब 82 प्रतिशत से अधिक पेशेवर किसी नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले उसकी प्रामाणिकता जांचते हैं। बुधवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

पेशेवर नेटवर्किंग मंच लिंक्डइन की ‘जॉब सर्च सेफ्टी पल्स’ रिपोर्ट के मुताबिक, 53 प्रतिशत पेशेवर एक साल पहले की तुलना में अब ज्यादा संदेह करते हैं कि कहीं नौकरी का प्रस्ताव धोखाधड़ी तो नहीं है।

लिंक्डइन इंडिया की विधि एवं लोक नीति प्रमुख अदिति झा ने कहा, ‘ऑनलाइन नौकरी तलाशने के दौरान नौकरी प्रस्तावों में फर्जीवाड़ा (जॉब स्कैम) होना एक आम अनुभव होता जा रहा है। इसे लेकर जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन प्रतिस्पर्धी माहौल में खासकर करियर के शुरुआती दौर में इसे व्यवहार में लागू करना चुनौतीपूर्ण होता है।’

यह रिपोर्ट पूर्णकालिक या अंशकालिक तौर पर काम कर रहे 8,512 पेशेवरों से जुटाए गए आंकड़ों पर आधारित है। ये पेशेवर ब्रिटेन, भारत, जर्मनी एवं ब्राजील में कार्यरत हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, करियर की शुरुआत करने वाले उम्मीदवार कहीं अधिक जोखिम में हैं। नौकरी की तलाश में लगे जेन-जी पीढ़ी के 54 प्रतिशत युवाओं ने माना कि उन्होंने महत्वपूर्ण रोजगार अवसर समझकर चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज किया।

वहीं, 49 प्रतिशत भारतीय जेन-जी पेशेवर ऐसे घोटालों के करीब पहुंच चुके हैं, जबकि जेन-एक्स पेशेवरों के बीच यह आंकड़ा 36 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के मुताबिक, नौकरी खोजते समय सबसे अधिक चिंता तब होती है जब लोग ऑनलाइन जॉब ब्राउज कर रहे होते हैं। इसकी वजह यह है कि उस समय तक जानकारी सीमित होती है और भरोसा पूरी तरह स्थापित नहीं होता है।

लिंक्डइन के आंकड़ों के मुताबिक, साइबर ठग अक्सर शुरुआती चरण में ही बातचीत को भरोसेमंद मंच से हटाकर निजी मैसेजिंग ऐप पर ले जाने की कोशिश करते हैं। लगभग 90 प्रतिशत मामलों में उपयोगकर्ताओं को व्यक्तिगत मैसेजिंग ऐप पर ले जाया जाता है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments