नयी दिल्ली, 13 नवंबर (भाषा) भारत और नेपाल ने बृहस्पतिवार को कंटेनरयुक्त और थोक माल के लिए जोगबनी-विराटनगर रेल लिंक के साथ सीधा रेल संपर्क स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिससे कोलकाता और विशाखापत्तनम बंदरगाहों से विराटनगर के पास मोरंग जिले में स्थित नेपाल सीमा शुल्क यार्ड कार्गो स्टेशन तक परिवहन की सुविधा होगी।
दोनों देशों ने इस संबंध में भारत और नेपाल के बीच पारगमन संधि के प्रोटोकॉल में संशोधन करते हुए विनिमय पत्र (एलओई) का आदान-प्रदान किया।
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा, ‘‘इस समझौते से जोगबनी (भारत) और विराटनगर (नेपाल) के बीच रेल आधारित माल की आवाजाही में सुविधा होगी।’’
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और नेपाल के उद्योग, वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री अनिल कुमार सिन्हा के बीच द्विपक्षीय बैठक के दौरान एलओई का आदान-प्रदान हुआ।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.