scorecardresearch
Monday, 22 June, 2026
होमदेशअर्थजगतपरिवारों की संपत्ति, पूंजी निर्माण और ऋण स्थिति का होगा आकलन : एनएसओ

परिवारों की संपत्ति, पूंजी निर्माण और ऋण स्थिति का होगा आकलन : एनएसओ

Text Size:

पटना, 22 जून (भाषा) राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (फील्ड ऑपरेशंस डिवीजन), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के उप महानिदेशक एवं क्षेत्रीय प्रमुख रोशन लाल साह ने सोमवार को कहा कि आगामी अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण के तहत परिवारों की संपत्ति, पूंजी निर्माण और ऋण की स्थिति का आकलन किया जाएगा।

साह ने यहां आगामी अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण तथा स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण (एआईडीआईएस एवं एसएएस) और प्रवासन (माइग्रेशन) सर्वेक्षण के लिए आयोजित चार दिवसीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन के बाद कहा कि सर्वेक्षण के दौरान भूमि, भवन, पशुधन, बैंक जमा, बीमा सहित विभिन्न वित्तीय एवं भौतिक संपत्तियों तथा ऋण की प्रकृति, उद्देश्य और ब्याज दर संबंधी जानकारी एकत्र की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण का उद्देश्य ग्रामीण कृषि परिवारों की आर्थिक स्थिति, आय-व्यय, ऋण और निवेश की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करना है।

उप महानिदेशक के अनुसार, यह सर्वेक्षण जुलाई, 2026 से जून, 2027 तक संचालित किया जाएगा। इससे पहले ऐसा सर्वेक्षण राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) के 77वें दौर के तहत जनवरी से दिसंबर, 2019 के दौरान किया गया था।

उन्होंने बताया कि प्रवासन संबंधी सर्वेक्षण में प्रवासन के स्वरूप, उसके कारणों तथा देश के भीतर और बाहर जाने वाले प्रवासियों से जुड़ी जानकारियां संकलित की जाएंगी।

साह ने कहा कि इसके तहत रोजगार, शिक्षा, विवाह सहित अन्य कारणों से होने वाले प्रवासन, प्रवासियों द्वारा भेजी जाने वाली धनराशि (रेमिटेंस) के उपयोग तथा अल्पकालिक प्रवासन से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।

भाषा कैलाश

धीरज अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments