नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में लखनऊ में हुए एक अग्निकांड की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही रद्द कर दिया. मुख्यमंत्री उस समय अलीगढ़ में लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल थे, जब उन्हें इस दुर्घटना की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने तत्काल राजधानी लखनऊ के लिए प्रस्थान किया.
कार्यक्रम के दौरान संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा थी कि वे कार्यक्रम पूरा करें, लेकिन लखनऊ में हुई इस दुर्घटना में बच्चों के प्रभावित होने और कुछ की मृत्यु की जानकारी के कारण उन्हें तुरंत लौटना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर जाकर स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी घटना स्थल के लिए रवाना हो रहे हैं और इस मामले की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की.