नयी दिल्ली, सात नवंबर (भाषा) वैश्विक पेय पदार्थ कंपनी कोका-कोला की भारतीय बॉटलिंग इकाई हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स लिमिटेड (एचसीसीएच) ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये पूंजी जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास मसौदा दस्तावेज जमा किए हैं।
छह नवंबर को दाखिल मसौदा दस्तावेजों (डीआरएचपी) के अनुसार, प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) होगा। इसके तहत कंपनी की प्रवर्तक हिंदुस्तान कोका-कोला ओवरसीज होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड 99.75 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेचेगी।
चूंकि यह निर्गम पूरी तरह ओएफएस है, इसलिए इससे कंपनी को कोई राशि नहीं मिलेगी। आईपीओ से प्राप्त पूरी रकम शेयर बेचने वाले प्रवर्तक को मिलेगी।
यह दस्तावेज ऐसे समय दाखिल किए गए हैं, जब कोका-कोला ने इस साल जून में कहा था कि वह अपनी भारतीय बॉटलिंग इकाई हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज (एचसीसीबी) की मूल कंपनी एचसीसीएच को 2027 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने की संभावना तलाश रही है।
कंपनी स्पार्कलिंग, हाइड्रेशन और जूस सहित अन्य पेय पदार्थों की तीन श्रेणियों में विभिन्न उत्पादों का निर्माण, पैकेजिंग, वितरण और बिक्री करती है। 30 जून, 2026 तक उसके उत्पाद पोर्टफोलियो में 41 पेय पदार्थ शामिल थे।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.