नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) बिजली के उपकरण बनाने वाली कंपनी हैवेल्स इंडिया लिमिटेड के राजस्थान के अलवर स्थित विनिर्माण संयंत्र में कर्मचारियों का एक वर्ग प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, कंपनी के प्रबंधन दल ने मुद्दे का समाधान निकालने के लिए उनसे बातचीत शुरू कर दी है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि तीन नवंबर को कुछ कर्मचारी अपनी कुछ मांगों को लेकर कारखाने के द्वार पर एकत्र हुए थे। कंपनी ने इन मांगों को ‘‘अनुचित’’ बताया।
हैवेल्स ने कहा, ‘‘प्रबंधन दल इन कर्मचारियों के साथ बातचीत कर रहा है, ताकि उनकी संतुष्टि के अनुसार मामले का समाधान किया जा सके।’’
कंपनी ने कहा कि वह स्थिति पर करीबी नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर नियामकीय आवश्यकताओं के अनुसार आगे की जानकारी देगी।
अलवर स्थित संयंत्र हैवेल्स के केबल विनिर्माण कारोबार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और वहां फिलहाल उत्पादन क्षमता बढ़ाने का बड़ा कार्यक्रम जारी है।
कंपनी की वित्त वर्ष 2025-26 की एकीकृत वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, हैवेल्स ने पिछले दो वर्षों में अपनी केबल विनिर्माण क्षमता बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान अपने मौजूदा अलवर संयंत्र के पास 1,58,200 वर्ग मीटर अतिरिक्त जमीन भी खरीदी थी, ताकि आगे विस्तार किया जा सके।
अलवर में विस्तार बिजली केबल क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करने और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ती मांग को पूरा करने की हैवेल्स की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
भाषा निहारिका निहारिका अजय
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.