चंडीगढ़, चार अक्टूबर (भाषा) हरियाणा में खरीफ खरीद सत्र 2025-26 के दौरान अब तक कुल 543.66 करोड़ रुपये का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा चुका है, जिससे न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का समय पर भुगतान सुनिश्चित हुआ है। एक सरकारी बयान में शनिवार को यहां यह जानकारी दी गई है।
‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से धान की खरीद की जा रही है। अब तक राज्य में पोर्टल पर पंजीकृत 63,356 किसानों से धान की खरीद की जा चुकी है।
हरियाणा खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता के हवाले से शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि राज्य भर की मंडियों में कुल 8,92,943.07 टन धान आ चुका है, जबकि मंडियों से 3,10,821.24 टन धान का उठाव हो चुका है। अब तक कुल 7,20,025.68 टन धान की खरीद हो चुकी है।
प्रवक्ता ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने चालू खरीफ मौसम में 22 सितंबर के बाद से अब तक सबसे अधिक धान की खरीद की है। विभाग ने 4,25,680.39 टन, हैफेड ने 2,09,796.67 टन और हरियाणा राज्य भंडारण निगम ने 84,548.61 टन धान की खरीद की है।
हरियाणा में धान की खरीद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा राज्य भंडारण निगम के संयुक्त प्रयासों से की जा रही है।
विभाग ने किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी उपज को भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानकों (अधिकतम 17 प्रतिशत नमी) के अनुसार अच्छी तरह सुखाने और साफ करने के बाद ही मंडियों में लाएं।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.